मीरगंज। क्षेत्र के रामपुर खुर्द गांव की हरिजन बस्ती में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। लगातार बारिश के बाद बस्ती की गलियों और नालियों में कई दिनों से पानी जमा है। घुटने तक पानी भरे होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जलभराव के कारण गंदगी और दुर्गंध भी फैल रही है।
ग्रामीण वंशराज और बबलू ने बताया कि पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से समस्या बनी हुई है। जमा पानी में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से पंप लगाकर तत्काल पानी निकलवाने, स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने और स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।


