• Sat. Aug 15th, 2026

    पुलिस लाइन में ध्वजारोहण के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

    Share

    जौनपुर। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ।

    पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हाल में आयोजित समारोह में राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’, पूर्व गृह राज्यमंत्री, महाराष्ट्र सरकार कृपाशंकर सिंह तथा भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति का जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बुके भेंट कर स्वागत किया। अतिथियों को स्वामी विवेकानंद की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया।

    समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए महात्मा गांधी के नेतृत्व में अनेक स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सपूतों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनके त्याग, बलिदान और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

    उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके आदर्शों और त्याग से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता, समृद्धि एवं विकास के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है और सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए।

    इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गीत, नृत्य एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। अतिथियों एवं दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रस्तुतियों की सराहना की। प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षकों को भी स्वामी विवेकानंद की पुस्तक भेंट की गई।

    इस अवसर पर जनपद में स्वच्छता एवं साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राज्य मंत्री ने सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

    कार्यक्रम के अंत में क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, कलाकारों, सफाई मित्रों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया।

    इसी क्रम में विकास भवन, तहसीलों, विकास खंडों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। अधिकारियों ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थानों में देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

    Tr

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *