15 अगस्त को होगी राज्य स्तरीय ऑनलाइन क्विज
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का प्रभावी प्रदर्शन किया।
अभियान के तहत भाषण, निबंध लेखन, स्लोगन लेखन, पोस्टर एवं पेंटिंग तथा रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में ‘तिरंगा और राष्ट्रीय एकता’ तथा ‘युवा और राष्ट्र निर्माण’ विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। निबंध लेखन प्रतियोगिता का विषय ‘हर घर तिरंगा : राष्ट्रीय एकता का प्रतीक’ रहा। वहीं स्लोगन, पोस्टर-पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं तिरंगा, राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना पर आधारित रहीं।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, विचारों और देशभक्ति की भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरव, स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास तथा राष्ट्रीय एकता के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में डॉ. रशिकेश गुप्ता, डॉ. आलोक गुप्ता, डॉ. शशिकांत यादव, अभियान समन्वयक डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय, डॉ. अखिलेश विश्वकर्मा, श्री आदित्य कुमार एवं सुश्री प्रियंका जसवाल शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान दूरदर्शन द्वारा तैयार विशेष वीडियो ‘आजादी की विभीषिका’ का भी प्रसारण किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान उत्पन्न मानवीय त्रासदी, विस्थापन, पीड़ा और तत्कालीन सामाजिक परिस्थितियों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से अवगत कराया गया।
15 अगस्त को होगी ऑनलाइन क्विज
विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय कैडेट कोर इकाई एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें भारतीय तिरंगा, वन्दे मातरम् गीत, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन, आजादी के रणबांकुरे, राष्ट्रीय प्रतीक तथा पुरस्कार एवं सम्मान से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम 10 प्रतिभागियों, जिनमें पांच छात्र एवं पांच छात्राएं शामिल होंगे, को 17 अगस्त 2026 को ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के समापन समारोह में विश्वविद्यालय की कुलपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। सभी चयनित प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
राज्य स्तरीय ऑनलाइन क्विज में उत्तर प्रदेश के किसी भी विद्यालय, महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय द्वारा जारी ऑनलाइन पंजीकरण लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने का आह्वान किया है। विश्वविद्यालय के अनुसार ऐसे आयोजनों से राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।







