जौनपुर। जिलाधिकारी जौनपुर सैमुअल पाल एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह ने शनिवार को थाना बरसठी का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कार्यालय, अभिलेखागार, मालखाना, बैरक सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों तथा विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान किया जाए।

इस अवसर पर पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए थाना परिसर में नवनिर्मित भोजनालय का उद्घाटन भी किया गया। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भोजनालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने थाना परिसर में बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने तथा पुलिसकर्मियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें।



