एएस ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों ने जीते कई स्वर्ण पदक
जौनपुर। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के तत्वावधान में लखनऊ स्थित के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम के न्यू इनडोर हाल में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक राज्य स्तरीय ऑफिशियल ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 65 जिलों से करीब तीन हजार खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में प्रतिभाग किया। इसमें 42वीं सब-जूनियर, 44वीं जूनियर, 10वीं कैडेट, 43वीं सीनियर क्योरुगी तथा 10वीं पूमसे बालक-बालिका प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में महाराणा प्रताप इनडोर हॉल, टीडीपीजी कॉलेज जौनपुर स्थित एएस ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
जूनियर वर्ग में 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग की रुचि प्रजापति ने अंडर-49 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। रिया यादव ने अंडर-55 किलोग्राम में स्वर्ण पदक जीता, जबकि बालक वर्ग में राजवीर सिंह ने अंडर-63 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी वर्ग में अंश मौर्य ने अंडर-55 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
सीनियर वर्ग में अंडर-74 किलोग्राम भार वर्ग के मुकाबले में अनीश प्रसाद ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार सफलता हासिल की। बालिका वर्ग में सरोजनी सिंह ने अंडर-62 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता। वहीं अंडर-54 किलोग्राम भार वर्ग में सूर्यप्रताप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक के बेहद करीब पहुंचकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
12 से 14 वर्ष आयु वर्ग की कैडेट प्रतियोगिता में रिद्धी गुप्ता ने अंडर-55 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में आदित्य प्रताप सिंह, सृष्टि सिंह, अद्वीका कश्यप और प्रियांशी यादव ने भी शानदार प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सब-जूनियर वर्ग में 5 से 12 वर्ष आयु वर्ग की नित्याश्री सिंह ने कांस्य पदक जीतकर क्लब और जनपद का गौरव बढ़ाया। सुधांशु सिंह का प्रदर्शन भी उत्कृष्ट रहा। इसके अलावा अन्य वर्गों में श्रेयश श्रीवास्तव और सिद्धी श्रीवास्तव ने स्वर्ण पदक, दृशाना पाण्डेय ने रजत पदक, कैडेट वर्ग में समर्थ मिश्रा ने रजत पदक तथा व्यान पटेल और सार्थ राय ने कांस्य पदक हासिल किया।
जौनपुर के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता में एएस ताइक्वांडो क्लब का दबदबा देखने को मिला। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्लब के अधिकारियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने खुशी जताई। मुख्य कोच आशुतोष सिंह एडवोकेट ने खिलाड़ियों की ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है कि उन्होंने राज्य स्तर पर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
जिला सचिव अरविन्द कुमार सिंह और उपाध्यक्ष शिवाली सिंह ने सभी विजयी एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी।


