जौनपुर। नदियों में जलस्तर बढ़ने के बावजूद केराकत रजवाहा में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। शारदा सहायक खंड के अंतर्गत आने वाले इस रजवाहा और उससे जुड़े माइनरों में पानी की कमी के कारण किसानों को निजी पंपसेट से सिंचाई करनी पड़ रही है। इससे खेती की लागत बढ़ गई है।
किसानों राहुल, दीपनारायण, आशीष और चंद्रभान का कहना है कि धान की रोपाई के लिए इस समय पानी की सबसे अधिक जरूरत है, लेकिन नहरें और माइनर सूखे पड़े हैं। समय पर सिंचाई नहीं होने से फसल प्रभावित होने और उत्पादन में कमी की आशंका है।
किसानों ने आरोप लगाया कि नदियों में पर्याप्त पानी होने के बावजूद रजवाहा में मांग के अनुरूप पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। उनका कहना है कि जरूरत के समय नहरें सूखी रहती हैं, जबकि बाद में पानी छोड़ने से फसलों को नुकसान का खतरा रहता है।
किसानों ने तत्काल पर्याप्त पानी छोड़े जाने की मांग की है। सिंचाई विभाग के उपखंड चतुर्थ, थानागद्दी के एसडीओ मुन्ना यादव ने बताया कि केराकत रजवाहा में अगले सप्ताह तक पानी आने की उम्मीद है।


