जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में आधार सेवाओं की प्रगति, 0-5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन, 5-7 वर्ष एवं 15-17 वर्ष आयु वर्ग के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट, लंबित प्रकरणों तथा आधार केंद्रों के संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के कार्य में तेजी लाई जाए तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर बल दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने UIDAI के Aadhaar App के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को आधार एप के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं, जैसे डिजिटल आधार प्रोफाइल, सुरक्षित क्यूआर कोड आधारित पहचान सत्यापन, आधार विवरण साझा करने की सुविधा तथा अन्य उपलब्ध सेवाओं के बारे में जागरूक किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वि./रा. परमानन्द झा, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, UIDAI के प्रतिनिधि तथा आधार नामांकन एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


