हैदराबाद, 30 जुलाई। सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) हैदराबाद की संयुक्त कार्रवाई में 16.92 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8.46 लाख रुपये बताई गई है।
जीआरपी के अनुसार, 29 जुलाई की सुबह हैदराबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 के प्रवेश द्वार पर जांच के दौरान दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर एक युवक फरार हो गया, जबकि दूसरे को दो बैगों के साथ पकड़ लिया गया। उसकी पहचान जौनपुर जिले के नहोरा गांव निवासी 20 वर्षीय आकाश सिंह के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नई दिल्ली में साड़ी कारोबार के दौरान उसकी पहचान जाफर नामक तस्कर से हुई थी, जिसने विशाखापट्टनम से नई दिल्ली तक गांजा पहुंचाने के एवज में प्रति खेप 15 हजार रुपये देने का लालच दिया था। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह विशाखापट्टनम से गोदावरी एक्सप्रेस के जरिए गांजा लेकर नई दिल्ली जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो बैगों में रखे 14 पैकेटों में कुल 16.92 किलोग्राम गांजा तथा एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया। इस संबंध में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पश्चिम बंगाल के जाफर और मियां तथा बिहार निवासी मनीष की तलाश की जा रही है। कार्रवाई करने वाली जीआरपी और आरपीएफ टीम की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की।


