जौनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की टीजीटी-2022 अंतिम चयन सूची में अभिषेक उपाध्याय का हिंदी विषय के प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) पद पर चयन हुआ है। अभिलेख सत्यापन के बाद जारी सूची में उनका नाम शामिल किया गया। मूल रूप से सुलतानपुर जिले के देवराजपुर गांव निवासी अभिषेक वर्तमान में जौनपुर के एस.वी.डी. गुरुकुल महाविद्यालय, दुमदुमा (ऊंचगांव) में स्ववित्तपोषित योजना के तहत प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। साहित्य जगत में वह ‘श्रीमंत’ उपनाम से गीत, ग़ज़ल और कविता लेखन के लिए भी जाने जाते हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता, स्वर्गीय पिता, बड़े भाई राहुल उपाध्याय, गुरुजनों, परिवार और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल नौकरी नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर है। महाविद्यालय के प्रबंधक एवं ब्लॉक प्रमुख डॉ. उमेश चंद्र तिवारी सहित शिक्षकों, साहित्यकारों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


