जौनपुर, 30 जुलाई। मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत थाना पवारा की मिशन शक्ति टीम ने पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण कराते हुए दोनों पक्षों में सुलह करा दी। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम भटेवरा निवासी निधि यादव और संदीप यादव के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद के संबंध में दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र बुलाया गया। टीम ने दोनों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बाद आपसी संवाद, समझदारी और पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने के लिए काउंसलिंग की।
काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने अपने मतभेद समाप्त कर आपसी सहमति से समझौता कर लिया तथा भविष्य में सौहार्दपूर्ण माहौल में साथ रहने का निर्णय लिया।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, महिला कांस्टेबल डॉली वर्मा एवं महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल रहीं।


