बरसठी | क्षेत्र के खोइरी गांव से खुआवा होते हुए लालपुर तक जाने वाले करीब ढाई किलोमीटर लंबे जर्जर संपर्क मार्ग को लेकर ऑनलाइन जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत का निस्तारण महज 24 घंटे के भीतर विभागीय आख्या के साथ कर दिया गया।हालांकि आख्या में सड़क की मरम्मत, संबंधित विभाग के स्पष्ट निर्धारण और प्रस्तावित कार्रवाई का उल्लेख न होने से ग्रामीणों में निराशा है। करीब दो दशक से जर्जर इस संपर्क मार्ग पर बरसात में जलभराव, गर्मी में धूल और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है। इस संबंध में ऑनलाइन जनसुनवाई पोर्टल पर सड़क के पुनर्निर्माण तथा संबंधित विभाग का निर्धारण कर कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत के निस्तारण में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग की ओर से अपलोड की गई आख्या में कहा गया है कि विभाग कार्यदायी संस्था है। उसका अपना स्वतंत्र बजट नहीं है। बजट उपलब्ध होने पर कार्य कराया जा सकता है। जबकि शिकायत में सड़क के स्वामित्व, स्थलीय निरीक्षण और मरम्मत के संबंध में स्पष्ट कार्रवाई की मांग की गई थी। आख्या में यह उल्लेख नहीं है कि उक्त सड़क किस विभाग के अधीन है, क्या स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा सड़क के पुनर्निर्माण के लिए आगे क्या कार्रवाई प्रस्तावित है। ऐसे में शिकायत का निस्तारण होने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीण श्रीपति दुबे, राधेश्याम दुबे, प्रवेश शुक्ला, चंद्रशेखर विश्वकर्मा, राजेश सिंह, रविन्द्र सिंह, शशिकांत शुक्ला, योगेश तिवारी, राहुल सिंह, भाष्कर मौर्य, बृजेश पांडेय, आशीष, अंबुज, अजित, सुनील सहित अन्य लोगों ने सड़क का संबंधित विभाग स्पष्ट करते हुए शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि यह मार्ग ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग के अधीन नहीं है, तो इसे सक्षम विभाग को हस्तांतरित कर निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।


