जौनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरकोनी में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार की अध्यक्षता में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का फाइलेरिया रुग्णता प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव एवं डीसी पाथ अमरेश कुमार ने फाइलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव, जांच, उपचार और रुग्णता प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान तीन फाइलेरिया मरीजों को एक्सरसाइज, साफ-सफाई और रुग्णता प्रबंधन का प्रशिक्षण देकर एमएमडीपी किट वितरित की गई। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि जनपद में 5,270 फाइलेरिया मरीज चिन्हित हैं, जिन्हें आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से प्रशिक्षण एवं एमएमडीपी किट उपलब्ध कराई जा रही है। वर्ष 2025 में सभी 5,270 मरीजों तथा वर्ष 2026 में अब तक 2,590 मरीजों को किट वितरित की जा चुकी है।
नोडल अधिकारी डॉ. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि फाइलेरिया मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है। इससे बचाव के लिए मच्छरों से सुरक्षा, आसपास साफ-सफाई, जलभराव रोकना, मच्छरदानी का प्रयोग तथा वर्ष में एक बार डीईसी, एलबेंडाजोल और आईवरमेक्टिन दवाओं का सेवन आवश्यक है। उन्होंने लोगों से फाइलेरिया मरीजों को निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या जिला मलेरिया कार्यालय से संपर्क कराने की अपील की। प्रशिक्षण में सीएचओ, बीसीपीएम, डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।


