जौनपुर। शासन द्वारा संचालित पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना सत्र 2026-27 के सफल संचालन को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) के लिए 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटा और प्रोफाइल तैयार की जाएगी। नवीनीकरण के छात्र 11 से 25 अगस्त तथा नए छात्र 11 अगस्त से 21 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं उच्च कक्षाओं की दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए मास्टर डाटा 22 जुलाई से 15 अगस्त तक तैयार होगा। नवीनीकरण छात्र 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तथा नए छात्र 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों, नोडल अधिकारियों, विश्वविद्यालयों एवं संबद्ध संस्थानों को शासन की समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति आवेदन में अभिभावक का आय प्रमाण पत्र ही लगाया जाए तथा राष्ट्रीय या राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा से प्रवेश लेने वाले छात्र आवेदन पत्र में परीक्षा का विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।


