जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कोटिला में मेड़बंदी कराने गई राजस्व टीम के सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा पुलिस व राजस्व कर्मियों पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोटिला में मेड़बंदी के दौरान कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस एवं राजस्व टीम पर हमला और पथराव किया। इस संबंध में सुजानगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विजय प्रताप सिंह, दारा सिंह, मंजू सिंह, शोभावती देवी, ममता तथा नीलम को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी ग्राम कोटिला, थाना सुजानगंज के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया। कार्रवाई में सुजानगंज थाना पुलिस की टीम एवं महिला पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।


