• Fri. Jul 24th, 2026

    विद्यालयों के निरीक्षण में बच्चों की प्रतिभा से गदगद हुए अधिकारी

    Share

    सिकरारा (जौनपुर)। राज्य परियोजना के सलाहकार मुहम्मद अनस ने शुक्रवार को क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय डीह जहानिया और प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लेना और निपुण भारत मिशन के तहत सभी विद्यालयों को निपुण बनाना रहा।

    प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर पहुंचने पर बच्चों ने सलाहकार का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कक्षा में पहुंचकर उन्होंने बच्चों से पाठ्यक्रम से संबंधित सवाल पूछे। बच्चों ने बिना किसी झिझक के गणित, हिंदी और पर्यावरण विषय से जुड़े सवालों के फटाफट जवाब देकर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया। बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित सलाहकार ने उनकी जमकर सराहना की।

    उन्होंने कहा कि सिकरारा क्षेत्र के बच्चे पढ़ाई में काफी आगे हैं। शिक्षकों द्वारा कराई जा रही गतिविधि आधारित पढ़ाई का प्रभाव बच्चों के प्रदर्शन में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा एक से तीन तक के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी क्षमता विकसित करना लक्ष्य है। इसके लिए बच्चों को रोचक और गतिविधि आधारित तरीके से पढ़ाया जाए।

    सलाहकार ने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों, पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षा और खेल सामग्री का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से पीछे न रहे। खंड शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण लगातार किए जाएंगे।

    इस दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष व विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमित सिंह, एआरपी संतोष मिश्र, आराधना उपाध्याय, मंजू जैसवार, गजाला बानो, नेहा जायसवाल, श्यामधर यादव, माधुरी सिंह और मनोज कुमार मौजूद रहे।

    Trim
    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *