मड़ियाहूं, जौनपुर। स्कीम-05 के तहत नवोदय विद्यालय बालक एवं बालिका वर्ग, मड़ियाहूं में जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र प्रसाद द्विवेदी के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की ओर से अग्नि सुरक्षा एवं बचाव संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, अग्निशमन यंत्रों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग तथा आपातकालीन निकासी की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने प्राथमिक अग्निशमन उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस दौरान विभिन्न प्रकार की आग पर नियंत्रण पाने के व्यावहारिक तरीकों का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपात स्थिति में घबराने के बजाय त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई करने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उन्हें तैयार करना है।




