जौनपुर/नोएडा। नगर के रूहट्टा स्थित राजेश स्नेह ट्रस्ट ऑफ एजुकेशन दिव्यांग बच्चों का स्कूल एवं पुनर्वास केंद्र के बच्चों का तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण नोएडा में संपन्न हुआ। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न संस्थाओं का भ्रमण करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और कई विशिष्ट लोगों से मुलाकात की।
भ्रमण दल ट्रेन से जौनपुर से नोएडा पहुंचा। यात्रा के दौरान दिव्यांग बच्चों ने गीत-संगीत का आनंद लिया। नेत्रहीन बच्चों ने वाद-विवाद में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। नोएडा पहुंचने के बाद बच्चों ने फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन का भ्रमण किया। यहां उन्होंने दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित मोमबत्तियां, मूर्तियां, खिलौने और मिट्टी से बनी विभिन्न वस्तुओं का अवलोकन किया। व्यावसायिक प्रशिक्षण दीर्घा में बच्चों के हुनर को देखकर भ्रमण दल के सदस्य गदगद हो गए।

इस दौरान फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव, डॉ. सुष्मिता भाटी, पत्रकार दीपक सिंह तथा राजेश स्नेह ट्रस्ट की सचिव किरन जायसवाल, संगीत शिक्षक राहुल पाठक, सोहराब, शिक्षिकाओं सरस्वती, फातिमा और रेनू तथा उपाध्यक्ष अनुपमा राय का विशेष सहयोग रहा।
भ्रमण के दूसरे दिन बच्चे केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा के आवास पहुंचे। मंत्री ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। तीसरे दिन ‘क्षितिज की गूंज—सपनों को पंख, हुनर को पहचान’ कार्यक्रम में रूहट्टा के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. मुरली मनोहर जोशी और मुख्य अतिथि बीएल वर्मा ने बच्चों को सम्मानित किया।
भ्रमण के अंतिम दिन बच्चों को नोएडा के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कराया गया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित वापस घर भेज दिया गया। राजेश स्नेह ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. राम नारायण सिंह ने फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों के आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।


