मड़ियाहूं। नीट-यूजी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मामलों और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को मड़ियाहूं तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा एवं महामंत्री अशोक यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। अधिवक्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई।
सुबह तहसील परिसर में एकत्र हुए अधिवक्ताओं ने छात्रों के समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर से गांधी तिराहे तक जुलूस निकाला और विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष सूर्यमणि यादव, प्रदीप सिंह, गुलाब दुबे, राधाकृष्ण शर्मा, मोहनलाल यादव, जैनेंद्र दुबे, कृष्ण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।


