• Mon. Jul 20th, 2026

    पर्यावरण एवं प्रकृति संतुलन के लिए पेड़ जरूरी : राकेश श्रीवास्तव

    Share

    ‘एक सदस्य–एक पौधा’ अभियान के तहत सरस्वती चिल्ड्रन एकेडमी में हुआ बृहद वृक्षारोपण

    जौनपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, जौनपुर के तत्वावधान में सोमवार को शिवापार स्थित सरस्वती चिल्ड्रन एकेडमी परिसर में ‘एक सदस्य–एक पौधा’ अभियान के अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महासभा के पदाधिकारियों, विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं तथा समाज के गणमान्य लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

    कार्यक्रम में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश महासचिव तथा जिलाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल शुद्ध वायु और जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

    विद्यालय के डायरेक्टर पी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों का नियमित संरक्षण और देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय परिसर को अधिक हरित बनाने तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने का संकल्प दोहराया।

    इस अवसर पर दया शंकर निगम एवं सरोज श्रीवास्तव ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसके संरक्षण का संकल्प लिया।

    कार्यक्रम में आनंद मोहन श्रीवास्तव, जय आनन्द, एस.सी. लाल, श्याम रतन श्रीवास्तव, शशि श्रीवास्तव ‘गुड्डू’, राजेश श्रीवास्तव, संजीव श्रीवास्तव, सरिता श्रीवास्तव, रेनू श्रीवास्तव, वर्षा सिंह, सत्यम सिंह, आयु सिंह, शिवांगी यादव, सूर्यांश सिंह एवं आराध्य यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा कायस्थ समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला महासचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार संजय अस्थाना ने किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

    Trim trim ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *