जौनपुर, 17 जुलाई। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के सामने शुक्रवार तड़के एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम FSO नागेंद्र नाथ द्विवेदी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, सुबह 5:03 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) जौनपुर दो दमकल वाहनों के साथ फायर स्टेशन चौकियां से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि ट्रक संख्या UP67AT2402 धू-धू कर जल रहा था। बताया गया कि ट्रक मध्य प्रदेश के बिंदनगर से कोयले की राख लेकर शाहगंज की ओर जा रहा था।
एफएसओ जौनपुर के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने दो फायर टेंडरों से मोटर फायर इंजन के माध्यम से पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। घटना के दौरान स्थानीय पुलिस और पीआरबी भी मौके पर मौजूद रही। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास के क्षेत्र में बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


