जौनपुर, 13 जुलाई। जफराबाद थाना क्षेत्र के जलालपुर स्थित राजेपुर बाजार में सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से एक 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे स्थित एक मकान का दरवाजा तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन को पुलिस के कब्जे में लेने का विरोध करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा
राजेपुर गांव निवासी हौसिला मिश्र पुत्र स्वर्गीय लालता मिश्र सोमवार को रामेश्वरम मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन कर वापस लौटते समय वह बाजार में गुलाब मौर्य की दुकान के सामने पहुंचे ही थे कि एक बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो चला रहा युवक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वाहन पहले वृद्ध को कुचलता हुआ आगे बढ़ा और फिर विद्या सिंह उर्फ मलकिन के मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया। संयोगवश उस समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल हौसिला मिश्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के विरोध के बाद शांत हुआ मामला

हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए बोलेरो को मौके से हटाने का विरोध करने लगे। सूचना पर थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस ने बताया कि हादसे के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


