गोपीपुर के बसावनतारा राम जानकी मंदिर परिसर में हुआ वृहद वृक्षारोपण
जौनपुर। जनपद के विकास खंड सिरकोनी अंतर्गत ग्राम सभा गोपीपुर में ग्राम प्रधान आरती अखिलेंद्र सिंह के तत्वावधान में बसावंतरा राम जानकी मंदिर परिसर में सोमवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।

अभियान के तहत लगभग 200 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाना तथा ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित कर प्रकृति को हरा-भरा बनाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य अमरेश रतन सिंह “रंगीले”, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजनीश चौबे एवं संत कुमार चौबे रहे। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि अखिलेंद्र सिंह, रविंद्र बहादुर सिंह “पप्पू”, वंशराज मौर्य, प्रधान सुनील निषाद एवं संतोष सिंह “दादा” ने माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

अपने संबोधन में ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान में सभी ग्रामवासियों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा अवश्य लगाए और उसका संरक्षण भी करे। जिस प्रकार एक माँ अपने बच्चे का पालन-पोषण और संरक्षण करती है, उसी प्रकार लगाए गए पौधे की भी देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन के लिए पेड़-पौधे अत्यंत आवश्यक हैं। अधिक से अधिक वृक्ष लगाने से पर्यावरण संतुलित रहेगा और मनुष्य के साथ-साथ जीव-जंतुओं का जीवन भी सुरक्षित एवं स्वस्थ रहेगा।

ज्ञान प्रकाश सिंह ने ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के हित में जो भी सहयोग उनके स्तर से संभव होगा, उसे वे सदैव उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का वचन लिया। विशिष्ट अतिथि अमरेश रतन सिंह “रंगीले” ने कहा कि प्रत्येक वर्ष अधिकाधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम का संचालन अमित सिंह “जुगनू” ने किया।

इस अवसर पर महंत बजरंग दास त्यागी, सोमनाथ सिंह, प्रधान प्रतिनिधि सुनील सिंह, भोले सिंह, रमेश सिंह, धीरज सिंह, संतोष सिंह “दादा”, शिव शंकर सिंह “बचानू”, विपिन सिंह “पिंटू”, शिवा सिंह, अजय सिंह, सोनू सिंह, बिनकर सिंह, उग्रसेन सिंह “टिंकू”, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


