• Sat. Jul 11th, 2026

    जौनपुर में आएगी हरियाली, लगेंगे 60 लाख से अधिक पौधे

    Share

    जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर 12 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान को लेकर जनपद में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में महानिदेशक मत्स्य एवं पौधरोपण महाअभियान की नोडल अधिकारी धनलक्ष्मी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

    बैठक में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने बताया कि जनपद को 60 लाख 73 हजार 400 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। मुख्य कार्यक्रम विकासखंड करंजाकला के काफरपुर में आयोजित होगा, जिसमें खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव शामिल होंगे।

    जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय है। गड्ढों की खुदाई, पौधों के उठान व वितरण तथा वृक्षारोपण स्थलों की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जा रही है। वन विभाग द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है और ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों व सामाजिक संगठनों को पौधों का वितरण जारी है।

    बैठक में सभी विभागों को पौधारोपण स्थलों का पूर्व सत्यापन, जियो-टैगिंग, सिंचाई तथा पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आमजन, जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया।

    बैठक में डीएफओ दिव्या, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, डीपीआरओ नवीन सिंह, डीसी मनरेगा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    Trimad2

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed