जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में शुक्रवार रात पत्नी की विदाई न होने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ने पत्नी और ससुराल पक्ष को मौके पर बुलाकर समझाइश दी, जिसके बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के चाचकपुर फुलमंडी मोहल्ला निवासी गुलशन मौर्य का कुछ दिन पहले पत्नी साधना मौर्या से विवाद हो गया था। इसके बाद साधना अपने मायके सैदनपुर चली गई थी। शुक्रवार को गुलशन पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा, लेकिन ससुराल पक्ष ने विदाई से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर वह नेवादा गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही जफराबाद थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, शहर कोतवाल अनीता सिंह, लाइनबाजार थाना प्रभारी केके सिंह तथा जलालपुर थानाध्यक्ष सतेंद्र विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम भी तैनात की गई।
पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पत्नी की विदाई की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष को मौके पर बुलाया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझाइश के बाद युवक करीब तीन घंटे बाद सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया।
पुलिस युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसकी मां और भाई के सुपुर्द कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। साथ ही मोबाइल टावर की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर टावर संचालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



