• Thu. Jul 9th, 2026

    मिशन वीरांगना के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, मास्टर प्रवीण मिश्रा ने किया जागरूक

    Share

    अलीगंज के कंपोजिट विद्यालय में सैकड़ों बेटियों को एक घंटे का निःशुल्क प्रशिक्षण, पूरे जनपद में अभियान चलाने का लिया संकल्प

    जौनपुर। मिशन वीरांगना खेल शिक्षा ट्रस्ट एवं मां लालती ताइक्वांडो क्लब के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं ताइक्वांडो प्रशिक्षक मास्टर प्रवीण मिश्रा ने बुधवार सुबह अलीगंज स्थित कंपोजिट विद्यालय में सैकड़ों छात्राओं को आत्मरक्षा का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया। एक घंटे तक चले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं को आधुनिक आत्मरक्षा तकनीकों से परिचित कराया गया।

    प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को फिंगर अटैक, नी अटैक, एल्बो अटैक, पंच, किक सहित विभिन्न आत्मरक्षा के व्यावहारिक अभ्यास कराए गए। साथ ही शारीरिक फिटनेस और आपात स्थिति में आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा करने के उपाय भी बताए गए। प्रशिक्षण में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    मास्टर प्रवीण मिश्रा ने कहा कि हाल के दिनों में बच्चों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ तथा दुष्कर्म जैसी घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय है। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए बेटियों का आत्मरक्षा में प्रशिक्षित होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य जनपद के प्रत्येक कंपोजिट एवं प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर छात्राओं को एक सप्ताह का निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण देना है, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।

    उन्होंने कहा कि सरकार मिशन शक्ति के तहत कई कार्यक्रम संचालित कर रही है, लेकिन जागरूकता और प्रशिक्षण को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से मिशन वीरांगना खेल शिक्षा ट्रस्ट निस्वार्थ भाव से जनपद जौनपुर में बेटियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है।

    Trimurti hospital

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed