• Wed. Jul 1st, 2026

    ग्रीष्मावकाश के बाद तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में नए सत्र का शुभारंभ, डीआईओएस ने किया निरीक्षण

    Share

    जौनपुर। ग्रीष्मावकाश के उपरांत बुधवार को तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में हुआ। विद्यालय परिसर में विधि-विधान के साथ मां सरस्वती का पूजन, हवन एवं आरती आयोजित की गई। इसके उपरांत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया।

    इसी दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचने पर प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह एवं प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

    निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के कारण केवल जनपद ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर पर भी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे अभी से आगामी बोर्ड परीक्षा-2027 की तैयारी में पूरी निष्ठा के साथ जुट जाएं, ताकि विद्यालय के छात्र प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर सकें।

    दोपहर 12 बजे विद्यालय की जीव विज्ञान प्रयोगशाला में प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में समस्त शिक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुलाई माह की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

    प्रधानाचार्य ने नए विद्यार्थियों के प्रवेश अभियान को गति देने, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने, अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लास की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा विद्यालय के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही आगामी 11 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक पुरातन छात्र सम्मेलन की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई और कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।

    बैठक का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यालय की प्रगति, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के संकल्प के साथ हुआ।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed