• Sat. Jun 6th, 2026

    टीजीटी परीक्षा देकर लौट रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य की सड़क हादसे में मौत

    Share

    जौनपुर। मछलीशहर नगर से सटे गुजराती राम अभिलाष पब्लिक स्कूल, सरायचंदन के प्रधानाचार्य नीरज सरोज की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वह प्रयागराज के नैनी स्थित परीक्षा केंद्र से टीजीटी परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों, विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

    जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाना क्षेत्र के कुरनी (चेरईकापुरा) निवासी नीरज सरोज पिछले सात वर्षों से गुजराती राम अभिलाष पब्लिक स्कूल, सरायचंदन में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा चयन आयोग की टीजीटी परीक्षा के लिए आवेदन किया था और गुरुवार को परीक्षा देने के लिए बाइक से प्रयागराज के नैनी गए थे।

    विद्यालय के प्रबंधक श्याम नारायण बिंद ने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद नीरज सरोज अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाबूगंज बाजार के पास अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों को हादसे की सूचना दी।

    सूचना मिलते ही परिजन गुरुवार रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

    नीरज सरोज के निधन की खबर से विद्यालय परिवार गहरे सदमे में है। सहकर्मियों और छात्रों ने उन्हें एक कर्मठ, अनुशासित और समर्पित शिक्षक के रूप में याद किया। क्षेत्र के लोगों ने भी उनके असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

    एक होनहार शिक्षक और शिक्षाविद् की इस आकस्मिक मृत्यु से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed