• Sat. Jun 6th, 2026

    शराब की दुकान पर मारपीट, गाली-गलौज और पथराव, सात लोगों पर मुकदमा दर्ज

    Share

    जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के शम्भूगंज स्थित एक सरकारी शराब की दुकान पर गुरुवार रात हुई मारपीट, गाली-गलौज और पथराव की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में बक्शा पुलिस ने चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार, 4 जून 2026 की रात करीब 9 बजे आधा दर्जन से अधिक लोग शम्भूगंज उतरेजपुर स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब एवं ठंडी बीयर की दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने दुकान की देखरेख कर रहे विकास कुमार सिंह, उनके साथी सूडडू सिंह तथा सेल्समैन के साथ अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

    पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल मारपीट की बल्कि जान से मारने और गोली मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए पथराव किया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

    पूरातेजी गांव निवासी विकास कुमार सिंह ने बक्शा थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर मनबढ़ और दबंग प्रवृत्ति के थे, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से दुकान पर पहुंचकर हमला किया। मारपीट की घटना में उनके साथी सूडडू सिंह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया।

    थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद एवं तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

    पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed