• Sat. Jun 6th, 2026

    रामपुर सब्जी मंडी से हटाया गया अवैध अतिक्रमण, प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

    Share

    रामपुर (जौनपुर)। नगर पंचायत रामपुर द्वारा सब्जी मंडी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाया और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया।

    अतिक्रमण हटाने के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अभियान में रामपुर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक बाबूराम बिंद, उपनिरीक्षक इस्लाम समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    नगर पंचायत की ओर से वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा, मनीष शुक्ला, राम आसरे तथा बृजेश विश्वकर्मा भी मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया में प्रशासनिक टीम का सहयोग किया।

    अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि सब्जी मंडी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बाजार क्षेत्र में सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए कब्जों के चलते यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस और चेतावनी दी गई थी, लेकिन उनके द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी।

    उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि और सड़कों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

    प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सब्जी मंडी क्षेत्र में रास्ते खुल गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों ने भी बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने की पहल का स्वागत किया है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed