• Sat. Jun 6th, 2026

    हरपालगंज और सरायहरखू रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव को मिली मंजूरी, यात्रियों में खुशी

    Share

    बदलापुर (जौनपुर)। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। क्षेत्र के हरपालगंज और सरायहरखू रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव को रेलवे मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। स्वीकृति मिलने के बाद हरपालगंज रेलवे स्टेशन पर मेमो ट्रेन तथा सरायहरखू रेलवे स्टेशन पर शटल ट्रेन का ठहराव होगा। इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

    बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने बताया कि उन्होंने बीते 20 मई को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और रेलवे सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की थी। इस दौरान उन्होंने हरपालगंज और सरायहरखू रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग प्रमुखता से उठाई थी। रेल मंत्री ने मांग को गंभीरता से लेते हुए 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

    रेल मंत्रालय द्वारा दोनों स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की स्वीकृति दिए जाने के बाद क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। इस फैसले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि अब उन्हें छोटी-छोटी यात्राओं के लिए दूर के रेलवे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

    विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने इस निर्णय के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि ट्रेन ठहराव शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

    उन्होंने कहा कि रेलवे सुविधाओं के विस्तार से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र के लोगों ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इस फैसले का स्वागत किया है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed