जौनपुर के बक्सा थाना क्षेत्र के लखौंवां बाजार में गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की टक्कर में महिला समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक लखौंवां मोड़ से मुड़ रही थी। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल महिला और चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने वाहनों को हटाकर सामान्य कराया। हल्का सिपाही शिव प्रकाश ने बताया कि घायलों की पहचान की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


