• Wed. Jun 3rd, 2026

    चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश बनी काल, युवक की मौत से मचा कोहराम

    Trimurti multi speciality hospital Ad
    Share

    मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह चलती पैसेंजर ट्रेन पकड़ने के प्रयास में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

    जानकारी के अनुसार, जौनपुर से प्रयागराज जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 541010 सुबह करीब 7 बजे मड़ियाहूं रेलवे स्टेशन से रवाना हो चुकी थी। इसी दौरान खेतापुर निवासी 32 वर्षीय आशीष पुत्र साहबलाल दौड़कर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा। ट्रेन पर चढ़ते समय उसका हाथ फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

    स्टेशन अधीक्षक राममूर्ति यादव ने बताया कि घटना के तुरंत बाद घायल युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं भेजा गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान आशीष (32) पुत्र साहबलाल निवासी खेतापुर, थाना नेवढ़िया के रूप में हुई।

    परिजनों ने बताया कि आशीष की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी पत्नी प्रयागराज में रहती है। बुधवार को वह अपनी पत्नी को परीक्षा दिलाने के लिए प्रयागराज जा रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

    युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed