जौनपुर। जिले में भूमि पैमाइश और पत्थरगड्डी के वर्षों से लंबित मामलों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का असर दिखने लगा है। 6 तहसीलों में कुल 5389 मामले लंबित थे, जिनमें से पिछले एक सप्ताह में करीब 450 आवेदनों का निस्तारण कर दिया गया है। प्रशासनिक सख्ती के बाद राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर रही हैं। सदर तहसील के राजस्व निरीक्षक रमेशचंद्र कुरील के निलंबन के बाद लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया और तेज हुई है। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के निर्देश पर अब तक 1410 पैमाइश और 537 पत्थरगड्डी के मामलों का समाधान किया जा चुका है। मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट ने मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे बताया कि सभी तहसीलों में अभियान जारी है और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि समय पर पैमाइश और सीमांकन होने से भूमि विवादों में भी कमी आएगी।


