जौनपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरसठी थाना पुलिस ने सोमवार को दो वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में की गई।
पुलिस के अनुसार, अपराध नियंत्रण तथा न्यायालय द्वारा जारी वारंटों के त्वरित निष्पादन के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में थाना बरसठी प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम में उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल रिजवान अली तथा रिजर्व कांस्टेबल संदीप कुमार गौड़ शामिल रहे। टीम ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर थाना क्षेत्र के जरौटा गांव में दबिश देकर दो वारंटियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में राजू गौतम (34) पुत्र बाबूराम तथा बाबूराम (65) पुत्र झिंगई उर्फ वंशराज निवासी ग्राम जरौटा, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर शामिल हैं। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम, जौनपुर द्वारा वारंट जारी किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई मुकदमा संख्या 295/2025, सेवी देवी बनाम राजू गौतम से संबंधित मामले में की गई। उक्त प्रकरण भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों वारंटियों को संबंधित माननीय न्यायालय, जौनपुर के समक्ष पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस टीमों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।


