• Sat. May 30th, 2026

    जिलाधिकारी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण, बैरकों की तलाशी में नहीं मिली कोई आपत्तिजनक वस्तु

    Share

    जौनपुर, 30 मई 2026। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जेल की विभिन्न बैरकों की सघन तलाशी कराई गई, जिसमें कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई।

    निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

    इसके बाद जिलाधिकारी ने जेल अस्पताल का निरीक्षण किया और वहां भर्ती बंदियों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी। भर्ती बंदियों ने बताया कि उन्हें समय पर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उनका समुचित उपचार किया जा रहा है।

    अधिकारियों ने जेल की पाकशाला (रसोईघर) का भी निरीक्षण किया और तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा किसी प्रकार की गंभीर समस्या सामने नहीं आई।

    जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए और बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि कारागार में सुरक्षा और बंदियों के कल्याण दोनों पर समान रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए।

    निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *