• Sat. May 30th, 2026

    सड़क दुर्घटनाओं पर सख्त हुए डीएम, अवैध कट बंद करने और डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश

    Share

    जौनपुर, 30 मई 2026। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। शुक्रवार सायं कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभाएं और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएं।

    बैठक में जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का हर माह ऑडिट कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके।

    डीएम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन अमूल्य है और सड़क हादसों को कम करने के लिए सभी अधिकारियों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।

    राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को हाईवे किनारे ग्रीन बेल्ट विकसित करने, अवैध कट बंद कराने, चेतावनी संकेतक लगाने तथा इलेक्ट्रिक पोल, पेड़ों और ट्रकों के पीछे रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।

    उन्होंने पुराने और अनुपयोगी (आउट ऑफ एज) वाहनों को चिन्हित कर स्क्रैपिंग की प्रक्रिया तेज करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और दुर्घटना की सूचना मिलने पर निर्धारित समय में मौके पर पहुंचने की व्यवस्था मजबूत करने को कहा।

    जिलाधिकारी ने डग्गामार वाहनों और अवैध खनन में संलिप्त वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हाईवे पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं का खतरा कम किया जा सके।

    बैठक में एआरटीओ को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि काली फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा मोटर व्हीकल एक्ट का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी वाहनों में फर्स्ट एड किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए।

    बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *