जौनपुर, 30 मई 2026। शासन के निर्देश पर संचालित “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत विकास खंड महराजगंज की ग्राम पंचायत बैरमा में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी मौके पर उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत योजना के तहत ग्रामवासी विवेक, प्रतिमा, फूलकुमारी मौर्य, राजाराम गौतम, आशीष पटेल और लालसाहब मौर्य को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
जनसुनवाई के दौरान श्रीमती मनराजी, पत्नी स्वर्गीय राउरदीन सरोज ने विधवा पेंशन से जुड़ी समस्या उठाई। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर मामले का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष का माहौल देखने को मिला।
वहीं ग्रामवासी रमाशंकर ने संपर्क मार्ग निर्माण से जुड़े विवाद की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जानकारी दी गई कि मार्ग से सटे चक की पैमाइश के लिए धारा-24 के तहत वाद दर्ज कराया गया है। सीडीओ ने राजस्व निरीक्षक को तत्काल पैमाइश कराकर विवाद का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्रामवासी मूलचंद्र पुत्र सरबजीत ने गांव में नीचे लटक रहे बिजली के तारों की शिकायत की। इस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान कर जियोटैग फोटो सहित अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आगामी 5 जून, 12 जून और 19 जून 2026 को भी अन्य ग्राम पंचायतों में जन चौपाल आयोजित की जाएंगी, ताकि लोगों को अपने गांव में ही त्वरित राहत मिल सके।


