शाहगंज (जौनपुर)। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सुरीस गांव में क्षेत्र पंचायत सदस्य के घर हुई लाखों रुपये की चोरी से इलाके में हड़कंप मच गया। चोर घर के बारजे के सहारे अंदर घुसे और नगदी समेत करीब चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार घर में ताला बंद कर किसी पारिवारिक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान मौका पाकर चोर घर में दाखिल हो गए और कमरे में रखी आलमारी तथा बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह परिवार के सदस्य घर लौटे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था तथा आलमारी और बक्से के ताले टूटे हुए मिले। चोरी की जानकारी होते ही परिवार के होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार चोर नगदी सहित लगभग चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।


