• Wed. May 27th, 2026

    पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ, तथ्य सत्यापन के बाद ही साझा करें खबरें: डीएम सैमुअल पॉल एन.

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय स्थायी समिति के अध्यक्ष सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के पदेन सदस्य, पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सीओ सिटी तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

    बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और प्रशासन तथा आमजन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय तथा सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने पर बल दिया।

    जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली खबरों के संबंध में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि किसी भी समाचार या जानकारी को साझा करने से पहले उसके तथ्यों का यथासंभव सत्यापन अवश्य किया जाए, ताकि भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाओं के प्रसार को रोका जा सके। उन्होंने प्रशासन को ऐसे फर्जी या अपंजीकृत सोशल मीडिया चैनलों एवं अकाउंट्स की पहचान कराने में सहयोग देने का भी आग्रह किया, जो अनुचित उद्देश्य से किसी व्यक्ति की छवि को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करते हैं।

    बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और जनहितकारी अभियानों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसंचार माध्यमों के सहयोग से शासन की नीतियों और योजनाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।

    इस दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए हेल्थ कार्ड जारी करने, वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन योजना का लाभ दिलाने तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े अन्य विषयों पर भी सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। जिलाधिकारी ने इन विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जिला सूचना अधिकारी को दिए।

    बैठक में मीडिया प्रतिनिधियों ने शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, सार्वजनिक मार्गों के अवरोध सहित विभिन्न जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवाद व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।

    बैठक का संचालन एवं समन्वय जिला सूचना अधिकारी एवं जिला स्तरीय स्थायी समिति के सचिव द्वारा किया गया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed