जनपद में कंट्रोल रूम स्थापित, नोडल अधिकारी नियुक्त; गांव-गांव नि:शुल्क प्याऊ की भी व्यवस्था
जौनपुर। भीषण गर्मी और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जनपद में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने अवगत कराया है कि जनपद के समस्त विकास खण्डों में ऐसे सभी हैंडपंप, जिनकी मरम्मत हेतु आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, उन्हें अभियान चलाकर ठीक कराया जा रहा है। शेष हैंडपंपों की मरम्मत कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। वहीं हैंडपंप रिबोर के लिए प्राप्त सभी आवेदनों पर युद्धस्तर पर कार्यवाही की जा रही है।

पेयजल समस्या के त्वरित निस्तारण के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शैलेंद्र विक्रम सिंह को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। कंट्रोल रूम में रमेश कनौजिया (मो. 9838080984), राजेंद्र कुमार (मो. 9919731998) तथा विनोद मोदनवाल (मो. 9838747472) की ड्यूटी लगाई गई है।
ये अधिकारी किसी भी ग्राम पंचायत से प्राप्त पेयजल समस्या या हैंडपंप खराबी की सूचना पर तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराकर उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराएंगे।
इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत के सार्वजनिक स्थल एवं पंचायत भवनों पर नि:शुल्क प्याऊ की व्यवस्था भी की गई है, ताकि ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।


