• Sun. May 24th, 2026

    जौनपुर में भाजपा कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न, बूथ प्रबंधन और वैचारिक अधिष्ठान पर हुआ मंथन

    Share

    दो दिवसीय प्रशिक्षण में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर दिया गया जोर

    जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन बूथ प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान और संगठनात्मक कार्यपद्धति पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के गुर सिखाए।

    समापन सत्र को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रशिक्षण वर्ग के सह-प्रदेश संयोजक त्र्यंबक त्रिपाठी ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण की परंपरा संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि यह वर्ग केवल बौद्धिक चर्चा का मंच नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण को और मजबूत करने की कार्यशाला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे यहां से प्राप्त वैचारिक ऊर्जा को धरातल पर उतारें।

    मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने बूथ प्रबंधन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव की वास्तविक लड़ाई बूथ स्तर पर ही लड़ी और जीती जाती है। उन्होंने “बूथ जीता तो चुनाव जीता” के मंत्र को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ का सेनापति बताया। साथ ही उन्होंने पन्ना प्रमुख व्यवस्था और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।

    भाजपा नेता विद्यासागर सोनकर ने पार्टी के इतिहास और वैचारिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति का संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की वैचारिक धारा पर आधारित एक आंदोलन है।

    पूर्व जिला अध्यक्ष गाजीपुर सुनील सिंह ने “एकात्म मानववाद” और “अंत्योदय” को पार्टी की वैचारिक नींव बताते हुए कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान ही वास्तविक विकास है।

    समापन सत्र की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का लाभ तभी सार्थक होगा जब कार्यकर्ता इसे अपने-अपने बूथ और शक्ति केंद्रों पर लागू करेंगे।

    कार्यक्रम का संचालन जिला प्रशिक्षण प्रमुख सुशील उपाध्याय ने किया। अंत में सभी प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया और सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed