जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में 21 मई की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान चोरी कर लिया। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित सुधीर सिंह उर्फ रानू के घर में चोर पूर्वी दिशा की बाउंड्रीवाल तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद मुख्य दरवाजा खोलकर कमरे में रखी अलमारी को निशाना बनाया गया। चोरों ने अलमारी में रखे सोने के जेवरात, जिनमें चेन, झुमका, अंगूठी, सिकड़ी, पैजनी सहित पीतल के बर्तन और नकदी समेत करीब सात लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया।
घटना के बाद चोर अलमारी को भी अपने साथ उठा ले गए, जिसे बाद में घर से लगभग 100 मीटर दूर खेत में टूटी-फूटी हालत में बरामद किया गया।

सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी गायब थी। इसके बाद परिजनों ने आसपास के लोगों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया गया।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि सुबह करीब छह बजे सिधवन चौकी पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन काफी देर तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में पीड़ित सुधीर सिंह ने रामपुर थाने में लिखित तहरीर दी।
घटना के बाद गांव में चोरी की बढ़ती वारदातों को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं के जल्द खुलासे की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।


