• Fri. May 22nd, 2026

    दुकान में घुसकर मारपीट का वीडियो वायरल, इलाके में मचा हड़कंप

    Share

    दुकानदार ने लगाया लूटपाट का आरोप, पुलिस ने लूट से किया इंकार

    मारपीट का मुकदमा दर्ज, जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

    जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में दुकान के भीतर घुसकर मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पीड़ित दुकानदार ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि दुकान में लूटपाट भी की। वहीं पुलिस ने लूट की घटना से साफ इंकार करते हुए मामले में मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    बताया जा रहा है कि बीते 19 मई को कुछ लोग दुकान में घुस गए और दुकानदार के साथ मारपीट करने लगे। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।

    पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही नकदी और अन्य सामान भी उठा लिया। मामले में न्याय की मांग को लेकर उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है और निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

    उधर, शाहगंज पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में लूटपाट की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मारपीट और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है।

    पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल वायरल वीडियो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed