प्रेम प्रसंग में हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
बरसठी (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के हरद्वारी गांव स्थित जूनियर हाईस्कूल परिसर में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव झूले से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि परिजनों ने प्रेम प्रसंग के विवाद में हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के रीवा जिले के मूल निवासी सुमन गौतम का 20 वर्षीय पुत्र संदीप गौतम अपने दादा मान्धाता गौतम और दादी कुसुमकली देवी के साथ हरद्वारी गांव में रहता था। वह टेंट हाउस में मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। उसका घर विद्यालय परिसर से सटा हुआ है।
बताया जाता है कि शुक्रवार तड़के गांव का एक व्यक्ति खेत देखने गया था। वापस लौटते समय उसकी नजर विद्यालय परिसर में बच्चों के झूले से फंदे के सहारे लटक रहे युवक पर पड़ी। उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। संदीप के पिता सुमन गौतम और मां साधना देवी मध्यप्रदेश में रहते हैं। वह दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसका छोटा भाई मात्र नौ वर्ष का है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का शव काले रंग के फंदे के सहारे झूले से लटका हुआ था। उसके दोनों पैर जमीन पर मुड़े हुए थे। नाक से खून निकल रहा था तथा जीभ काली पड़ी हुई थी। शव की स्थिति को देखकर ग्रामीण घटना को संदिग्ध मान रहे हैं।
मृतक की बुआ सोनी देवी ने गांव के ही एक व्यक्ति की बेटी से प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि दो दिन पहले इसी मामले को लेकर संदीप के साथ मारपीट भी हुई थी। उन्होंने दावा किया कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। परिजनों के अनुसार सुबह करीब छह बजे विद्यालय के आसपास कुछ संदिग्ध लोगों को भी देखा गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। कोई इसे आत्महत्या तो कोई हत्या की घटना मान रहा है।
इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


