जौनपुर। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है।
20 मई 2026 को जनपद की इंडियन ऑयल (आईओसीएल) की 53 गैस एजेंसियों पर 6,467, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) की 21 एजेंसियों पर 5,627 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) की 18 एजेंसियों पर 6,792 गैस सिलेंडर उपलब्ध थे।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार 19 मई 2026 को जनपद की सभी 92 गैस एजेंसियों पर कुल 9,717 सिलेंडरों की बुकिंग हुई, जबकि 10,306 सिलेंडरों की उपभोक्ताओं तक डिलीवरी की गई।
वर्तमान में आईओसीएल के 24,471, बीपीसीएल के 47,676 तथा एचपीसीएल के 12,322 सिलेंडरों की डिलीवरी लंबित है। उपलब्ध आपूर्ति के अनुसार सामान्यतः बुकिंग के लगभग एक सप्ताह के भीतर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस सिलेंडर बुकिंग के बाद एजेंसी की होम डिलीवरी सेवा के माध्यम से ही प्राप्त करें तथा गैस एजेंसियों या गोदामों पर किसी प्रकार की भीड़ अथवा लाइन न लगाएं। सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की भी अपील की है।

