चंदवक, जौनपुर। विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते बुधवार दोपहर क्षेत्र के मुकुरीपुर गांव में बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर नीचे तक लटक रहे हाईटेंशन विद्युत तार से फ्रिज लादकर जा रहा एक वाहन टकरा गया। टक्कर लगते ही हाईटेंशन तार टूटकर नीचे गुजर रहे लो वोल्टेज तार पर गिर गया, जिससे पूरे गांव की घरेलू लाइन में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो गया।
हाई वोल्टेज सप्लाई पहुंचने से गांव के करीब 50 घरों की वायरिंग जल गई तथा लगभग एक दर्जन सबमर्सिबल पंप क्षतिग्रस्त हो गए। घरों में अचानक उपकरणों और वायरिंग से धुआं उठने लगा, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान घर की विद्युत लाइन काटने का प्रयास कर रहे 55 वर्षीय लाल बहादुर मौर्य करंट की चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार डोभी स्टेशन से मुकुरीपुर गांव जाने वाले मार्ग के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार लंबे समय से काफी नीचे लटक रहे थे। इसकी शिकायत कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के बाद गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे अंधेरा छा गया। शॉर्ट सर्किट और विद्युत उपकरणों के जलने से ग्रामीणों को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है। आक्रोशित ग्रामीण दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा क्षति का मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।


